बलरामपुर। अवैध ढंग से संचालित होने वाले अल्ट्रासाउंड व पैथालॉजी सेंटरों पर शिकंजा कसने के लिए मंगलवार को जिले भर में छापा मारा गया। छापेे के दौरान संचालकों द्वारा आवश्यक कागजात न दिखा पाने पर पांच अल्ट्रासाउंड सेंटरों को सीज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए गए छापामार कार्रवाई से अल्ट्रासाउंड व पैथालॉजी सेंटर के संचालकों में हड़कंप मच गया। तमाम लोग अपने सेंटर पर ताला लगाकर फरार हो गए।
सदर तहसील में एसडीएम सदर डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, तहसीलदार रोहित कुमार मौर्य एवं सीएचसी जोकहिया के अधीक्षक डॉ. जावेद अख्तर के नेतृत्व में नगर के कई पैथालॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा मारा गया। सद्भावना अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कोई वैध कागजात उपलब्ध न होने पर उसे सीज कर दिया गया है। इसी तरह तुलसीपुर में एसडीएम विनोद सिंह एवं सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान के नेतृत्व में आठ सेंटरों पर छापा मारा गया। यहां भी एक सेंटर को सीज किया गया है।
उतरौला तहसील में एसडीएम अरुण कुमार गौड़, तहसीलदार नरेंद्र राम एवं सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश के नेतृत्व में उतरौला नगर, गेड़ास बुजुर्ग एवं सादुल्लाहनगर क्षेत्र के तमाम पैथालॉजी व अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा मारा गया। उतरौला, गेड़ास बुजुर्ग एवं सादुल्लाहनगर में मानक के अनुरूप संचालन न होने पर एक-एक अल्ट्रासाउंड सेंटरों को सीज किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि सीज किए गए सभी सेंटरों के संचालकों से दो दिन के अंदर वैध प्रपत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। प्रपत्रों की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।