बलरामपुर। सत्यापन में गड़बड़ी पाए जाने पर दो मेडिकल स्टोरों पर ताला लगा दिया गया है। दोनों मेडिकल स्टोर संचालक अब दवाओं की बिक्री नहीं कर सकेंगे। कोरोना महामारी से जुड़ी दवाओं की बिक्री का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
डीएम कृष्णा करुणेश व सीडीओ अमनदीप डुली के निर्देश पर औषधि निरीक्षक ओम प्रकाश यादव ने शनिवार को नगर क्षेत्र के कई मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा और गहन जांच-पड़ताल की। मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाओं के बिक्री का ब्योरा दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि उन्होंने नगर क्षेत्र के पंकज मेडिकल स्टोर, महेश मेडिकल हॉल, प्रताप मेडिकल स्टोर, अहमद मेडिकल स्टोर व स्टार मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर दवाओं के अभिलेख की पड़ताल की।
कोविड-19 महामारी में बचाव व उपचार के लिए प्रयोग होने वाली दवाओं के क्रय-विक्रय आदि का ब्योरा जुटाया। मरीजों को बेची जाने वाली दवाओं का ब्योरा संचालकों को रजिस्टर पर नियमित रूप से दुरुस्त करना होता है।
अभिलेखों के सत्यापन में गड़बड़ी पाए जाने पर पंकज मेडिकल स्टोर व स्टार मेडिकल स्टोर के क्रय विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई है। दोनों मेडिकल स्टोर पर ताला लगा दिया गया है। दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों से तीन दिन में जवाब देने को कहा गया है।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर विधिक कार्रवाई किये जाने की चेतावनी दी गई है। औषधि निरीक्षक ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिया है कि दवाओं के क्रय-विक्रय की नियमित रिपोर्ट तैयार करें। रिपोर्ट न तैयार करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा।