बलरामपुर के पचपेड़वा बाजार में नर्सिंग होम का निरीक्षण करते सीएचसी अधीक्षक पचपेड़वा डॉ. मिथिलेश
- फोटो : BALRAMPUR
पचपेड़वा (बलरामपुर)। सीएचसी अधीक्षक पचपेड़वा डॉ. मिथिलेश कुमार ने टीम के साथ नर्सिंग होम पर छापा मारा। नर्सिंग होम के डिलेवरी रूम में सीएचसी अधीक्षक ने ताला जड़ दिया है।
सीएचसी अधीक्षक ने शुक्रवार को बताया कि नगर में संचालित नर्सिंग होम के खिलाफ दो सितंबर को मुख्यमंत्री पोर्टल पर रामलीला मैदान पुरानी बाजार पचपेड़वा निवासी अनिल कुमार ने शिकायत किया था कि अवैध तरीके से संचालन किया जा रहा है।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए पचपेड़वा थाना के एसआई मनीष मिश्र, कांस्टेबल छोटेलाल व महिला सिपाही के साथ नर्सिंग होम पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान नर्सिंग होम पर कोई सामग्री नहीं पाई गई है। नर्सिंग होम के डिलेवरी रूम में सीएचसी अधीक्षक ने ताला लगाकर टेप चिपका दिया है।
अधीक्षक ने बताया कि नर्सिंग होम संचालक ऊषा श्रीवास्तव रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं दिखा पाई। नर्सिंग होम में कराया जा रहा डिलेवरी रजिस्ट्रेशन न होने के चलते पूरी तरह से अवैध है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।