महराजगंज तराई। बरहवा रेंज के ग्राम किठूरा में एक बार फिर तेंदुआ नजर आने से ग्रामीण सहम गए हैं। क्षेत्र में कुछ दिनों से ग्रामीणों को तेंदुआ नजर आ रहा है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक किया। जल्द ही गांव में पिंजरा लगाए जाने की तैयारी है।
गांव निवासी रामदेव बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे धान काटने अपने खेत जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास पहुंचे, अचानक झाड़ियों में खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा तो खेत में तेंदुआ नजर आया। रामदेव ने शोर मचाना शुरू किया तो ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। शोर सुनकर तेंदुआ राप्ती नदी की तरफ भाग गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। गांव के छोटेलाल, पिंटू, अन्नू सिंह, छोटन और रामबख्श व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से रात के समय जानवरों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। कई पालतू पशु भी संदिग्ध हालत में मरे पाए गए हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिजड़ा लगवाने, रात्रि गश्त बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। बरहवा रेंज के रेंजर बृजेश सिंह परमार ने बताया कि टीम मौके पर भेज दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाएं और बच्चों को विशेष रूप से सतर्क रखें। क्षेत्र में पिजरा लगाकर तेंदुए की तलाश शुरू की जाएगी।