ललिया/जरवा। ललिया और जरवा क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बुधवार दोपहर ललिया क्षेत्र के लालपुर विशुनपुर गांव में हेगहा पहाड़ी नाले के पास तेंदुआ दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ नाले की झाड़ियों में चला गया। इसके बाद ग्रामीण खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
प्रधान प्रतिनिधि संजू सिंह ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। वहीं, सिंहपुर के प्रधान प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि एक दिन पहले परसहवा गांव के गन्ने के खेत में तेंदुए ने एक सियार का शिकार किया था।
ग्रामीणों के मुताबिक लालपुर विशुनपुर, बजरडीह, मदारगढ़, कमदी, उपटहवा और चैलहवा समेत आसपास के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी बनी हुई है। इससे लोग अकेले घर से निकलने और खेतों की ओर जाने से भी डर रहे हैं।
उधर, सीमावर्ती जरवा क्षेत्र में मंगलवार रात करीब आठ बजे गांव निवासी मोबीन खान को गांव के बाहर सड़क पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। तेंदुए को देखकर उन्होंने रास्ता बदल लिया और किसी तरह घर पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों के मुताबिक, यही तेंदुआ पिछले दिनों दो बकरियों और एक पालतू कुत्ते का शिकार कर चुका है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, परसहवा में लगाया पिंजरा
बनकटवा रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी शत्रुघ्न लाल ने बताया कि परसहवा गांव में पिंजरा लगाकर उसमें बकरी बांधी गई है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। वहीं, जरवा के रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि वन विभाग की टीम गांवों में पहुंचकर लोगों को सतर्क और जागरूक कर रही है।