तेंदुए ने हमला कर युवक को किया घायल
ग्रामीणों व वन विभाग की टीम तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसीपुर (बलरामपुर)। जरवा कोतवाली के लौकीखुर्द गांव में सोमवार की भोर में खेत गए व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया है। ग्रामीणों व वन विभाग की टीम तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ने में जुटी हुई है जबकि तेंदुआ चकमा देकर गांव के आसपास भ्रमण कर रहा है। तेंदुए के आमद से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़वाने की अपील की है।
जरवा कोतवाली क्षेत्र के लौकीखुर्द निवासी पंकज (26) ने बताया कि सुबह वह खेत की तरफ जा रहे थे तभी गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर मौके पर तमाम ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने के साथ ही तेंदुए की तलाश शुुरू कर दी। पंकज को इलाज के लिए सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तुलसीपुर रेंज के वन दरोगा सूरज कुमार पांडेय ने ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ने का प्रयास किया। काफी देर कड़ी मशक्कत के बाद भी तेंदुआ चकमा देकर गन्ने के इस खेत से उस खेत तक उछल कूद करता रहा।
गांव के आसपास तेंदुए की उछल कूद को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। वन दरोगा ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दी है। वन कर्मी सूर्य नरायन सिंह व कमलेश तिवारी को तैनात कर दिया गया है। ग्रामीण पाटेश्वरी, रविकांत, बाबूजी, सुरेश व मदन आदि ने वन विभाग के अफसरों से तेंदुए को पकड़वाए जाने की मांग की है। डीएफओ रजनीकांत मित्तल ने बताया कि तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ने के लिए विभागीय अफसरों को निर्देश दिया गया है। शीघ्र ही तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ दिया जाएगा। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।