हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। बनकटवा रेंज के रमनगरा गांव में तेंदुए का खौफ कम नहीं हो रहा है। गांव के एक खेत में जंगली सूकर को तेंदुए ने अपना निवाला बना लिया। इससे गांव के लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बनकटवा रेंज के कई गांवों के लोगों ने शनिवार को मुख्यमंत्री पोर्टल पर तेंदुए के आतंक संबंधी शिकायती पत्र भेजा। पत्र के जरिये कहा गया है कि रमनगरा गांव में तेंदुए के पदचिह्न पाए गए हैं। सकटू के अरहर के खेत में वन विभाग ने पिंजरा लगाया लेकिन तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका। अहिरनपुरवा गांव के रक्षाराम यादव ने बताया कि वह खेत की रखवाली कर रहा था और गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने उसे दौड़ा लिया। शोर मचाने पर तेंदुआ झाड़ी में छिप गया।
रमनगरा गांव के विनीत कुमार सिंह, राकेश वर्मा, धीरज व पेशकार आदि ने बताया कि कन्हैलाल वर्मा के गन्ने के खेत में तेंदुए ने हमला कर जंगली सूकर को अपना निवाला बनाया है जिसके अवशेष खेत में पड़े है। रेंजर आरके सिंह ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि सतर्क रहें। जंगल से सटे गांवों में सप्ताह के हर रविवार को चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।