हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। सोहेलवा सेंचुरी के बनकटवा रेंज से सटे गांव मोतीपुरकलां में तेंदुए का खौफ शाम होते ही शुरू हो जाता है। एक सप्ताह से लगातार गांव में आ रहा तेंदुआ पांच बकरी व दो कुत्तों को अपना निवाला बना चुका है। ग्रामीण तेंदुए के डर से दहशत में है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मोतीपुरकला निवासी फेरन पासवान ने बताया कि शुक्रवार की रात उनके घर आए तेंदुए ने दरवाजे पर बंधी दो बकरियों को अपना निवाला बना लिया है। शोर सुनकर ग्रामीणों ने हाका लगाया तो तेंदुआ जंगल में भाग गया। इससे पूर्व तेंदुआ गांव के गंगा प्रसाद व सहजराम के बकरों को भी मार चुका है। बड़कऊ ने बताया कि गुरुवार की रात गांव में आए तेंदुए ने मेरे दो पालतू कुत्तों को मार डाला।
ग्रामीण पूर्व प्रधान सीताराम वर्मा ने बताया कि एक हफ्ते से लगातार गांव में आ रहे तेंदुए की वजह से गांव में दहशत का माहौल है। शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबक जाते है। सूचना देने के बाद भी आज तक जिम्मेदार अफसर गांव में नहीं आए। इन लोगों ने वन विभाग से आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
डीएफओ रजनीकांत मित्तल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शीघ्र ही गांव में वन विभाग की टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।