बलरामपुर। रात के अंधेरे में ग्रामीणों को सड़क पर तेंदुआ घूमता हुआ दिखाई दिया। तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में दहशत छा गई। बनकटवा रेंज के गनवरिया गांव के पास घने जंगलों से बाहर आया तेंदुआ सड़क से भागकर झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना बनकटवा रेंजर को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
बनकटवा रेंज के गनवरिया निवासी अंकित सिंह ने सोमवार को बताया कि सुबह खेत की तरफ जा रहे थे तभी झाड़ी के किनारे एक तेंदुआ बैठा हुआ दिखाई दिया। रात के समय गांव के लोगों ने तेंदुए को सड़क पर घूमते हुए देखा था। गांव के आसपास तेंदुआ घूम रहा है।
सड़क पर घूमते हुए तेंदुए की फोटो भी मोबाइल में लोगों ने कैप्चर कर ली। सड़क पर घूमते हुए तेंदुए की फोटो के साथ मामले की सूचना ग्रामीणों ने बनकटवा रेंजर को दी। बनकटवा रेंजर आरके सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए वन विभाग की टीम भेजी गई है।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ग्रामीणों के साथ तेंदुए को पकड़ने के लिए जुटी हुई है। गांव के आसपास पिंजड़ा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाएगा। समाचार लिखे जाने तक तेंदुआ गांव के पास की झाड़ी में छिपा हुआ है।
रेंजर ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रेंजर ने बताया कि सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के निकट बसे गांवों में अक्सर जंगली जानवर भोजन-पानी तलाश में भटकते हुए आ जाते है जिनसे ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।