बलरामपुर के साखीरेत में मिला तेंदुए का पगचिह्न ।-संवाद
महराजगंज तराई (बलरामपुर)। क्षेत्र के बरहवा रेंज अंतर्गत ग्राम साखीरेत में शनिवार रात तेंदुआ एक घर में घुस गया। आहट पर जगी महिला ने टॉर्च जलाई तो अचानक सामने तेंदुआ देख उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर पड़ोसी लाठी-डंडा लेकर दौड़े तो तेंदुआ निकलकर नाले की ओर भाग गया।
गांव की कमला देवी (48) रात करीब आठ बजे अपने घर के कमरे में सो रही थीं। अचानक कुछ गिरने और खड़खड़ाने की आवाज आई। शक होने पर उन्होंने पास रखी टॉर्च से जैसे ही रोशनी डाली, तो सामने तेंदुआ खड़ा नजर आया। तेंदुए को देखकर वह भयभीत हो गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। शोर सुनते ही पड़ोसी कधईलाल, चादे, पिंटू, रामकुमार और बब्बू समेत कई ग्रामीण लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे। भीड़ देखकर तेंदुआ नाले की ओर छलांग लगाकर जंगल की तरफ चला गया।
घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से गांव के आसपास जंगली जानवरों की हलचल बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़वाए जाने की मांग की है। बरहवा रेंज के रेंजर बृजेश सिंह परमार ने बताया कि गांव में तेंदुए के घुसने की सूचना मिली है। एक टीम को तत्काल गांव भेजा गया है। क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है और पिंजरे लगाने की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।