महराजगंज तराई (बलरामपुर)। बरहवा रेंज के ग्राम कौवा में सोमवार शाम तेंदुए ने एक बकरी को निवाला बना लिया। इससे पूरे गांव में दहशत फैल गई है। यह घटना उस समय हुई जब ग्रामवासी अमिरका प्रसाद अपनी बकरियों को चारा खिला रहे थे।
अमिरका के अनुसार, शाम करीब 4 बजे सोमई यादव के गन्ने के खेत से अचानक एक तेंदुआ निकला और उनकी बकरी पर झपट पड़ा। तेंदुआ बकरी को मारकर खेत के भीतर खींच ले गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तेंदुआ गन्ने के खेतों में छिप गया। इस हमले से लोगों में दहशत है। ग्रामीण हरिशंकर, रामदास, मुसीबत, राजकरन आदि ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर पूरे गांव में डर का माहौल है। यदि जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो तेंदुआ फिर से हमला कर सकता है। रेंजर बृजेश सिंह परमार ने बताया कि गांव में वन विभाग की टीम भेजी जा रही है। कहा कि जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा। ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। (संवाद)