बलरामपुर के खैराही गांव में तालाब किनारे मौजूद तेंदुआ।
बलरामपुर। सदर ब्लॉक के खैराही गांव के तालाब में मछलियों की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ दिखाई दिया। जिससे आसपास के गांवों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने डीएफओ से तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है। हालांकि वन विभाग के अधिकारी इसे फिशिंग कैट बता रहे हैं।
सदर ब्लॉक के ग्राम खैराही निवासी शिव नरेश सिंह ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने अपने तालाब में मछलियां पाली हैं। इसकी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगवाया है। जिसमें तेंदुए के दिखाई देने से आसपास के गांवों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार सोनपुर व चिरैइया सहित कई गांवाें में तेंदुआ भटक रहा है। साधु राम मौर्य, संतराम वर्मा, राम समुझ वर्मा, राम तीरथ मौर्य, शिव कुमार, केशवराम व चेतराम आदि ने डीएफओ से मांग की है कि पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए।
वहीं, डीएफओ डॉ. एम. सेम्मारन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में जो जानवर दिख रहा है, वह तेंदुआ नहीं बल्कि फिशिंग कैट है, जो मछलियों का शिकार करने आता है। ग्रामीणों को इससे डरने की कोई जरूरत नहीं है। ग्रामीणों की संतुष्टि के लिए मौके पर वन विभाग की टीम भेजी जा रही है।