महराजगंज तराई (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तिवारीडीह में शनिवार की रात फिर तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीण भयभीत हैं। गांव के रामधीरज ने बताया की वह अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। खेत से वह रात लगभग 09 बजे घर वापस आ रहे थे। उसी समय अपने ही खेत में किसी जानवर के आने की आहट सुनाई दी।
उन्होंने छुट्टा पशु होने की आशंका में टाॅर्च जला कर देखा तो वहां तेंदुआ था। इस पर उन्हाेंने हल्ला गुहार किया। जब तक ग्रामीण इकट्ठा होते तब तक तेंदुआ गन्ने के खेत में चला गया। ग्रामीण कृष्णकुमार यादव राजेश रक्षाराम कुमार प्रमोद रामकुमार आदि ग्रामीणों ने बताया कि लगातार तेंदुआ गांव के आसपास ही रहता है। उसे पकड़वाने की मांग वन विभाग के अधिकारियों से की है। बरहवा रेंज के रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया है कि वन विभाग टीम मौके पर रविवार को भेजी गई। लोगों को सतर्क किया गया है और तेंदुआ की लोकेशन का पता किया जा रहा है। (संवाद)