बलरामपुर। रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर तहसील के अधिकारियों की भी शिकायत की है।
एंटी करप्शन की अयोध्या टीम ने 30 दिसंबर को उतरौला तहसील के लेखपाल दिलीप यादव को अंबेडकर चौराहे के पास स्थित उसके आवास से 10 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया था। लेखपाल की शिकायत शाहपुर इटई निवासी कर्ताराम ने की थी। आरोप है कि लेखपाल ने जमीन की पैमाइश के लिए घूस मांगी थी। रकम लेते वक्त ही एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल को दबोच लिया था। टीम ने रिपोर्ट दर्ज कराकर लेखपाल को ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर ले जाकर कोर्ट में पेश करके जेल भेजा था।
एसडीएम संतोष ओझा ने शुक्रवार को लेखपाल को निलंबित कर दिया। दूसरी ओर शिकायतकर्ता कर्ताराम ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पोर्टल पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा की मांग की है। एसडीएम संतोष ओझा का कहना है कि इस शिकायत के बारे में जानकारी नहीं है।