बलरामपुर। लेखपालों से विवाद को लेकर बुुधवार को भी वकीलों का प्रदर्शन जारी रहा। वकीलों ने तहसील गेट के सामने चक्काजाम कर विरोध जताया। न्यायालयों के कार्य बहिष्कार के चलते वादकारियों को निराश लौटना पड़ा।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष वीरेंद्र सिन्हा के नेतृत्व में बुधवार को वकील अनशन स्थल पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस निकालकर तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए गेट के सामने सड़क जाम कर विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक मांगें नहीं पूरी होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अधिवक्ता महेंद्र पांडेय ने कहा कि सरकारी तंत्र समस्याओं को लेकर बेफिक्र बना हुआ है। समस्याओं के निस्तारण को लेकर अधिकारी उदासीन हैं। जब तक वकीलों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बुधवार को चंद्रदेव उपाध्याय, ओमप्रकाश, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, मिसदाकुल हसन, अर्जुन, विनीश गुप्त, चंद्रशेखर यादव, मारुति नंदन, नीतू व मोहम्मद अफगान क्रमिक अनशन पर बैठे। वकीलों के आंदोलन के चलते 23 दिसंबर से न्यायिक कार्य प्रभावित है। इससे वादकारियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलन में मुस्तफा हुसैन, जितेंद्र चौधरी, नसीम अहमद, प्रह्लाद यादव, बेनी माधव तिवारी, अब्दुल मोईद सिद्दीकी, जयकरन भारती, आलोक गुप्त अन्य मौजूद रहे।