बलरामपुर। निर्माण कार्यों में व्याप्त भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी को लेकर अपना दल (कमेरावादी) के पदाधिकारियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांगपत्र डीएम को सौंपा। जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल के नेतृत्व में अपना दल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट गेट पर नारेबाजी भी की।
डीएम को सौंपे गए मांगपत्र में अपना दल के पदाधिकारियों ने प्रदेश में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की जांच उच्च स्तरीय टीम से कराने तथा भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी पर अंकुश लगाने की मांग की। बालू व मिट्टी खनन तथा ठेके व पट्टे के आवंटन में एससी/एसटी एवं ओबीसी वर्ग के लोगों को प्राथमिकता देने, प्रदेश में जातिवार जनगणना कराने तथा छुट्टा जानवरों से किसानों की फसल के नुकसान का अविलंब मुआवजा दिलाने की भी मांग की।
इस मौके पर अलखराम पटेल, प्रमोद कुमार वर्मा, जग नारायण वर्मा, हरिप्रसाद, हरिराम यादव, भानु प्रसाद, अवधेश, विजय पासवान आदि मौजूद रहे।