बलरामपुर। जिले के 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में लोगों को दवा खिलाकर फाइलेरिया मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया गया। यहां करीब 3200 मरीजों की जांच व इलाज किया गया। जिला कारागार में भी 250 कैदियों को फाइलेरिया की दवा खिलाई गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बल्देवनगर में तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरा एकडंगा में उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर परिसर में महंत मिथलेश नाथ योगी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरगंज में सदर विधायक पल्टूराम के प्रतिनिधि पवन शुक्ला व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नचौरा में गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू के प्रतिनिधि मिथिलेश सिंह ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इन लोगों ने खुद खाने के साथ ही लोगों को डीईसी व अल्बेंडाजॉल की दवा खिलाकर फाइलेरिया मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी सिंह ने जिला कारागार में करीब 250 कैदियों को अल्बेंडाजॉल की टैब्लेट खिलाई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान में दो साल कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को छोड़कर अन्य सभी को फाइलेरिया की दवा खिलाई जानी है।
29 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के एक शहरी व 24 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य आरोग्य मेले में करीब 3200 मरीजों की जांच व उपचार के साथ दवाओं का वितरण किया गया है। मेले में गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं का टीकाकरण भी हुआ है।