बलरामपुर। मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय निर्माण की प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ने लगी है। मंगलवार को 20 और किसानों ने विश्वविद्यालय के लिए शासन के पक्ष में अपनी जमीन का निबंधन करने की प्रक्रिया को पूरा किया। विश्वविद्यालय के लिए अब तक कोयलरा गोपालपुर गांव में खरीदी गई जमीन पर पहुंचे जिलाधिकारी अरविंद सिंह जमीन पर कब्जा प्राप्त कर भूमि पूजन भी किया। इस अवसर पर डीएम ने विश्वविद्यालय निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों को मिठाई खिलाकर सम्मानित भी किया।
कोयलरा के सिरसिया गांव के किसानों की जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद अब अन्य गांवों के किसानों से खरीदी जाने वाली जमीन की प्रक्रिया को भी 25 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी से वार्ता के दौरान भूमि का बैनामा करने वाले काश्तकार रामचंद्र, चंद्रभान एवं रामसागर ने बताया कि मुआवजा का पैसा रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके खातों में आ गया है। मुआवजा राशि पाने वाले किसानों में उत्साह का माहौल दिखा। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना होने से जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में अहम बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे जिले के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जनपदों तक की दौड़ लगाने की परेशानी से पूरी तरह छुटकारा मिल सकेगा।
- मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय निर्माण के लिए चार काश्तकारों से भूमि का बैनामा बीते शनिवार को हुआ था। मंगलवार को 20 और काश्तकारों से बैनामा की प्रक्रिया पूरी की गई। डीएम ने एसडीएम सदर को निर्देश दिया है कि मुआवजा की रकम किसानों के खातों में तत्काल भेजना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के लिए भी लोक निर्माण विभाग के अफसरों को अधिग्रहित जमीन के सर्वे का निर्देश भी दिया गया है। ताकि विश्वविद्यालय के भवन निर्माण कार्य की प्रक्रिया को भी शीघ्र शुरू कराया जा सके।