जरवा। नगई मोड़ तिराहा गिरधरडीह में सोमवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर और शटर तोड़कर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया।
रहमान की गल्ला दुकान की दीवार में सेंध लगाई और लगभग 1500 रुपये नकद चुरा लिए। इसके बाद, चोरों ने पास की संदीप की गल्ला दुकान का शटर तोड़कर दो बोरी सरसों, एक बोरी मसूर और 500 रुपये नकद की चोरी हुई। तीसरी घटना मनकौरा मोड़ स्थित ननके खान की दुकान में हुई, जहां चोरों ने शटर तोड़कर 14 बोरी मसूर उठा ले गए। मंगलवार सुबह जब वे अपनी दुकानों पर पहुंचे तो चोरी का पता चला।
चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। रहमान की दुकान में यह छठी चोरी बताई जा रही है। दुकानदारों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।