बलरामपुर। राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज विशुनपुर विश्राम में शिक्षकों की कमी दूर हो जाएगी। समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने बताया कि विद्यालय की पढ़ाई सुचारु रूप से चलाने के लिए अभ्युदय कोचिंग के विषय विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके लिए सीडीओ हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में साक्षात्कार कराया गया है। चयनित विशेषज्ञ चार सितंबर से कॉलेज में पढ़ाई शुरू करेंगे।
विद्यालय में अध्यापकों और प्रयोगशालाओं के अभाव से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। छात्राओं ने इस कमी को लेकर नाराजगी और चिंता भी जताई थी। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की पहल की है। अभ्युदय कोचिंग सेंटर के कोऑर्डिनेटर सचिन सिंह सोमवार को विद्यालय पहुंचे और यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी। इससे छात्राओं की पढ़ाई पर असर नहीं पड़ेगा।
एसडीएम तुलसीपुर राकेश कुमार जैन ने भरोसा दिलाया कि किसी भी हालत में छात्राओं की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। शासन स्तर से दो शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही कर दी गई है, जो जल्द कॉलेज में जॉइन करेंगे। वहीं, फिजिकल शिक्षा के लिए एक महिला पुलिसकर्मी की तैनाती भी कराई गई है। थारू नेता मनोहर लाल थारू ने कहा कि अध्यापकों की समस्या का समाधान होना सकारात्मक है, लेकिन प्रयोगशाला की व्यवस्था तत्काल करनी चाहिए, ताकि छात्राओं को प्रायोगिक परीक्षाओं में कठिनाई न हो।