बलरामपुर। भाजपा कार्यालय में मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में अटल डिबेटिंग क्लब शुरू किया गया। क्लब की ओर से आयोजित अटल वाद-विवाद प्रतियोगिता में कई स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में एमएलके महाविद्यालय की छात्रा खुशबू तिवारी को प्रथम स्थान मिला। द्वितीय स्थान सरस्वती विद्या मंदिर की दिव्यांशी गुप्ता तथा तृतीय स्थान एमएलके महाविद्यालय की दिव्यांशी मिश्रा को मिला। तीनों प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला स्तर पर चयनित इन तीन प्रतिभागियों को प्रदेश स्तर पर होने वाली वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में प्रो. आजाद प्रताप सिंह, डॉ. तुलाशीष दूबे व शिवकुमार द्विवेदी रहे।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष संदीप वर्मा, अक्षय शुक्ल, अमन बंसल, ऋषभ सिंह, अजीत ओझा, संत मणि, सुमित सिंह, यश तिवारी व यश अग्रवाल मौजूद रहे।