बलरामपुर। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खैराही के विकास मॉडल को यहां की ग्राम प्रधान सविता सिंह देश भर के सामने रखेंगी। ग्राम प्रधान 04 मार्च को विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित महिला पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यशाला में शामिल होंगी। कार्यशाला में सविता अपने विकास कार्यों को देश भर की महिला ग्राम प्रधानों से साझा करेंगी। इससे खैराही गांव के विकास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिलेगी।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में चार व पांच मार्च को महिला पंचायत प्रतिनिधियों की राष्ट्रीय कार्यशाला होगी। इस कार्यशाला में प्रतिभाग करने के लिए जिले से दो महिला ग्राम प्रधान व एक महिला पंचायत सचिव को चुना गया है। इसमें ग्राम पंचायत खैराही की प्रधान सविता सिंह का नाम भी शामिल है। वर्ष 2021 में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत खैराही से सविता सिंह प्रधान चुनी गई थीं। ग्राम पंचायत खैराही में जब आधी आबादी ने शासन की कमान संभाली तो विकास कार्यों की तस्वीर ही बदल गई। आज ग्राम पंचायत में आधुनिक सुविधाओं से लैस पंचायत भवन, सीसी रोड व पक्की नाली सहित अन्य विकास कार्य बिना भेदभाव के कराए गए हैं। इससे खैराही ग्राम पंचायत की हर तरफ वाहवाही हो रही है।
सविता सिंह के बेहतर कार्यों के कारण ही उन्हें राष्ट्रीय कार्यशाला में शामिल होने का मौका मिला है। इसके अलावा मनियरिया गांव की ग्राम प्रधान ऊषा सिंह व सचिव मीनाक्षी राव भी कार्यशाला में शामिल होने जाएंगी। सविता सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यशाला में शामिल होने का निमंत्रण मिलने से मैं बहुत खुश हूं। देश भर की महिला ग्राम प्रधानों से कुछ सीखने का मौका मिलेगा।