स्पोर्ट्स स्टेडियम में पैदल चाल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। स्रोत विभाग
बलरामपुर। जिला प्रशासन की तरफ से महात्मा गांधी की जयंती पर बृहस्पतिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में पैदल चाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कंचन व अंकुश यादव ने मारी बाजी। विजेता प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ फुटबाॅल एसोसिएशन के सचिव मो. हसन कुरैशी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में 58 बालक व 29 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग की प्रतियोगिता में अंकुश यादव प्रथम, विकास यादव द्वितीय व यशराज जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह बालिका वर्ग में कंचन ने पहला, प्रियंका उपाध्याय ने दूसरा व जानवी गुप्ता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिला खेल अधिकारी दिनेश कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रैक सूट व प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी कमाल अहमद, प्रवेश कुमार रावत, नागेंद्र गिरि, विजय शंकर पांडेय, सूरज कुमार, पवन कुमार, हिना खातून, सरकेश यादव आदि मौजूद रहे।