बलरामपुर। कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वालों को प्रदेश सरकार की तरफ से एक लाख रुपये अनुदान के रूप में दिए जाएंगे। अनुदान पाने के लिए यात्रा पूरी करने के तीन माह के अंदर धर्मार्थ कार्य विभाग की वेबसाइट पर यात्रा का ब्योरा अपलोड कराना अनिवार्य होगा। प्रदेश सरकार जिले के अधिक से अधिक लोगों को कैलाश मानसरोवर की यात्रा कराने पर जोर दे रही है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने बुधवार को बताया कि प्रदेश सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए अनुदान देने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत प्रत्येक यात्री को एक-एक लाख रुपये अनुदान के रूप में दिए जाएंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयत्नशील है। कैलाश मानसरोवर तीर्थ यात्रियों को आर्थिक सहायता एवं अनुदान प्रदान कर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।
प्रदेश के मूल निवासियों से सरकार ने अपील किया है कि यात्रा के तीन माह के अंदर धर्मार्थ कार्य विभाग की वेबसाइट पर सभी प्रमाण पत्रों को अपलोड कराकर योजना का लाभ उठाएं।