गैसड़ी (बलरामपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव के झाड़ी में बुधवार को नवजात पाई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात का सीएचसी में स्वास्थ्य परीक्षण कराकर चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक गैसड़ी कोतवाली दिनेश दत्त मिश्र ने बताया कि बुधवार को लालपुर गांव के खलिहान की झाड़ी में ग्रामीणों को नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण विनोद व अंकित आदि ने बताया कि महिलाएं खलिहान के पास से जा रही थीं।
ग्रामीणों के अनुसार चार पांच घंटे पहले नवजात का जन्म हुआ था। एक बोरे में लपेटी हुई पुआल से नवजात ढकी हुई थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी लठावर में नवजात का इलाज कराकर चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है।