तुलसीपुर (बलरामपुर)। पटरी पर अतिक्रमण कर लगने वाले दुकानों व सड़कों पर हो रही पार्किंग से जाम की दुश्वारी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। शहर के प्रमुख चौराहों पर आए दिन लगने वाले जाम में फंस कर लोगों को घंटों परेशानी उठाना पड़ती है।
मंगलवार को सुबह से हुई शुरू हुई जाम की परेशानी देर शाम तक कायम बनी रही। इसके चलते ही पांच मिनट में पार होने वाले रास्ते के लिए आधे घंटे से अधिक का समय लगा। पुलिस व प्रशासन की लापरवाही के कारण पटरी पर लगने वाल दुकानें व वाहनों की पार्किंग सड़कों के बीच किए जाने के कारण ही आए दिन लोगों को जाम की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्रीय निवासी धर्मेंद्र राधेश्याम, राजीव कुमार अग्रवाल, अमन गुप्ता, मिंकु सिंह, हरविंदर सिंह व संजय श्रीवास्तव आदि ने यातायात व्यवस्था को जाम मुक्त बनाने के लिए सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मांग भी डीएम को एक पत्र भेजकर की है।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार सिंह बताया कि जाम की परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए पटरी दुकानदारों को अलग जगह स्थापित किए जाने के जाने की योजना चल रही है। पर्याप्त जमीन चिह्नित होते ही इसे पूरा कराया जाएगा। इसके साथ ही सड़क किनारे के अन्य कच्चे पक्के अतिक्रमण को हटाने व सड़क के बीच में वाहनों की पार्किंग रोकने के लिए भी जल्द ही सघन अभियान भी चलाया जाएगा।