बलरामपुर। 50 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली 619.43 करोड़ रुपये की 73 परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच शुरू हो गई है। मंगलवार को एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन में निर्माणाधीन आवासों की गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने विकास योजनाओं की निगरानी बढ़ा दी है। वर्तमान समय में 16 कार्यदायी संस्थाएं 50 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली 73 परियोजनाओं पर काम कर रही हैं।
मंगलवार को डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने 50 लाख से अधिक की लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की जांच के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड व प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त सहकारिता, अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इन अधिकारियों को हर माह निर्माणाधीन परियोजनाओं जांच करके तीन तारीख तक रिपोर्ट जमा करनी होगी। इसमें शिथिलता मिलने पर कार्रवाई की बात कही गई है।
मंगलवार को एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन परिसर में निर्माणाधीन आवासीय परिसर व अन्य भवनों के निर्माण का जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कराने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे परिसर की रंगाई व पुताई कराने को कहा। इस मौके पर सीओ ज्योति श्री मौजूद रहीं।
राजकीय पॉलीटेक्निक परसा पलईडीह, आईटीआई शंकरनगर, सीएचसी रेहरा बाजार व महदेइया, पीएचसी बनकटवा कला, जनकपुर, महुआधानी, परसौना, ओबरडीह, नगर में सद्भाव मंडप, हरैया सतघरवा में जीआईसी, महिला आईटीआई, घुघुलपुर में जीआईसी व जीजीआईसी व तेनुई में जीजीआईसी का काम धनाभाव में अटका है। रुखी मझारी, महारागंज, विशुनपुर टनटनवा, लौकहवा, सिसहनिया बरगदही में ग्राम पंचायत पेयजल योजना का काम पूरा होने का दावा किया गया है। अन्य कार्यों के प्रगति में होने का दावा किया जा रहा है।