बलरामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सेहत सुधारने के कार्यों में लापरवाही बरतने वाली 49 एएनएम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने टीकाकरण कार्य में लापरवाही बरतने के मामले की जांच का निर्देश दिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही दोषी पाए जाने वाली एएनएम के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।
ई- कवच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण का पूरा ब्यौरा दर्ज होता है। इसकी रिपोर्ट अपडेट न होने से लापरवाही उजागर हुई है। इसमें गैंडास बुजुर्ग, हरैय्या सतघरवा, पचपेड़वा, श्रीदत्तगंज व तुलसीपुर की पांच- पांच एएनएम लापरवाही में चिन्हित हुईं हैं। इसके अलावा गैसडी की सात, रेहरा बाजार व उतरौला की चार- चार समेत कुछ 49 एएनएम को नोटिस दी गई है। सभी को स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए सौंपे गए जिम्मेदारी से पूरा करने की हिदायत दी गई है। साथ ही अधीक्षकों को नियमित रूप से निगरानी के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए विभागीय स्तर पर सात अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों को ब्लाकवार नोडल भी नामित किया है।