फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: भरी दोपहर में बीमा एजेंट की गोली मारकर हत्या

Thu, 04 Jul 2024 01:30 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। नगर कोतवाली के गदुरहवा मोहल्ले में बीच बाजार मेडिकल स्टोर की दुकान के पास बुधवार की दोपहर दोस्त ने एलआईसी एजेंट को गोली मार दी। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुरानी रंजिश की बात कही है, जबकि पुलिस का कहना है कि दोनों आपस में दोस्त थे। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।
विज्ञापन


नगर कोतवाली के गोविंद बाग निवासी मोहम्मद वसीम (24) भारतीय जीवन बीमा निगम में एजेंट है। वह बुधवार की दोपहर गदुरहवा मोहल्ले में पानी की टंकी के पास एक दुकान से कोल्डड्रिंक व सिगरेट लेने गया था। इसके बाद शाही अस्पताल के पास मेडिकल स्टोर की दुकान के समीप से होकर गुजर रहा था। तभी फरहान निवासी निबकौनी ने उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगने से वसीम मौके पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर वहां पर भगदड़ मच गई। इस घटना से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। गोली लगने से घायल की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया।
घायलावस्था में उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज के ईएमओ ने इसकी जानकारी बहराइच कोतवाली नगर पुलिस को दी है।
विज्ञापन


परिजनों ने पुरानी रंजिश का लगाया आरोप

मृतक की बहन यासमीन की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसका भाई बीमा अभिकर्ता है। बुधवार को वह ऑफिस नहीं गया था। घर से 200 रुपये लेकर बाजार के लिए दोपहर 12 बजे निकला था। बताया कि उसके भाई को पुरानी रंजिश को लेकर फरहान निवासी निबकौनी ने गोली मार दी है।

आपस में थे दोनों दोस्त

एएसपी नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि वसीम व फरहान आपस में दोस्त थे। किस बात को लेकर वारदात हुई है, इसका पता नहीं चल सका है। हालांकि पुलिस इस दिशा में काम कर रही है।


लगाई गईं चार टीमें

एसपी विकास कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जानकारी ली गई है। दोनों आपस में दोस्त थे। किस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, इसका पता किया जा रहा है। केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें