गोंडा। गोंडा-कटरा बाजार मार्ग पर चंदवतपुर गांव के पास सोमवार को रोडवेज बस से कुचलकर एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग पर अड़ गए। कोतवाली देहात प्रभारी ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। कोतवाली देहात क्षेत्र के चंदवतपुर निवासी कोमल सिंह का बेटा आनंद सिंह (7) सोमवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर खेल रहा था तभी गोंडा से बहराइच जा रही रोडवेज बस ने उसे रौंद डाला। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद चालक मौके से बस लेकर भाग निकला। आसपास के लोगों ने बच्चे को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल कॉलेज के मेमो पर कोतवाली नगर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिवार के लोग शव लेकर गांव पहुंचे और देर शाम परिजन के संग चंदवतपुर बाजार में गोंडा-कटरा बाजार मार्ग जाम कर दिया। लोग स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग पर अड़े थे। सूचना पर कोतवाली देहात के प्रभारी अरुण कुमार, उपनिरीक्षक खुश अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।