गैंड़ासबुजुर्ग (बलरामपुर)। क्षेत्र के गद्दीपुर गांव में शनिवार को जमीन के विवाद में हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत इटईरामपुर के मजरा गद्दीपुर निवासी लवकुश ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया है कि शनिवार को जमीन के विवाद को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद हो गया। मारपीट में चचेरे भाई ज्ञानदास (32) को गंभीर चोटें आ गईं। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि लवकुश के प्रार्थना पत्र के आधार पर चार के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज था, ज्ञानदास की मृत्यु की सूचना मिली है। दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।