बलरामपुर के त्रिलोकपुर में कार्यक्रम का शुभारंभ करते कमांडेंट। स्रोत विभाग
बलरामपुर। नेपाल सीमा से सटे गांवों के युवाओं को स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई है। सशस्त्र सीमा बल 50वीं वाहिनी की तरफ से युवाओं को सिलाई, वेल्डिंग, ब्यूटीशियन, बेसिक कंप्यूटर, नेटवर्किंग, प्लंबिंग व मोटर वाइंडिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन सभी ट्रेडों में सीमावर्ती गांवों के 150 युवक-युवतियों को 20 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कमांडेंट संजय कुमार ने त्रिलोकपुर में दूसरे दिन बुधवार को 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एसएसबी की तरफ से नेपाल सीमा से सटे गांवों में नागरिक कल्याण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसमें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजनाएं शामिल हैं। सीमावर्ती गांवों के 150 युवक-युवतियों को सिलाई, वेल्डिंग, ब्यूटीशियन, बेसिक कंप्यूटर, नेटवर्किंग, प्लंबिंग व मोटर वाइंडिंग का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उप कमांडेंट मुकेश कुमार गुर्जर, पचपेड़वा नगर पंचायत अध्यक्ष रवि वर्मा, सहायक कमांडेंट जाधव भूषण, भरत राव, पूर्व प्रधान गुड्डू व मोहम्मद कलीम खान आदि ने कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि ऐसे कार्यक्रम से सीमा पर बसे गांवों के लोगों को स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। घर में रहकर लोग स्वरोजगार कर सकते हैं।