बलरामपुर के देवीपाटन में लगे स्टॉल का निरीक्षण करते महंत, जनप्रतिनिधि व अन्य।-स्रोत: विभाग
तुलसीपुर। नवरात्र के पहले दिन मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर का प्रांगण सुबह से ही श्रद्धालुओं और किसानों से गुलजार रहा। सोमवार को मंदिर प्रांगण में कृषि मेले का शुभारंभ महंत मिथलेश नाथ योगी, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, सदर विधायक पल्टूराम व डीएम पवन अग्रवाल ने किया।
मेला स्थल पर मृदा परीक्षण, कृषि, स्वास्थ्य, गन्ना, उद्यान व समाज कल्याण विभाग के स्टॉल लगाए गए। जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को सभी लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने और पात्रों के आवेदन फॉर्म भरवाए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान किसानों को दलहनी और सब्जी बीज किट का वितरित किया गया। सदर विधायक ने कहा कि यह मेला किसानों के उत्थान और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा। डीएम ने बताया कि मेले के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर भी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस अवसर पर सीडीओ हिमांशु गुप्त, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, बीएसए शुभम शुक्ल, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, उपनिदेशक कृषि श्याम नरायन राम व जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार आदि मौजूद रहे।
333 छात्राओं को बांटी गई साइकिल
राजकीय आश्रम पद्धति पचपेड़वा की 333 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया। छात्राएं सुबह से ही उत्सुकता के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। साइकिल मिलने के बाद उनके चेहरे खुशी से खुल उठे। डीएम व जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं को साइकिल देते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें मेहनत पढ़ाई करने की सलाह दी।