पचपेड़वा (बलरामपुर)। नेपाल सीमा से सटे गांवों में भारतीय डाक विभाग अब लोगों को ऑनलाइन बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराएगा। डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की शुरुआत गुरुवार को दीन दयाल शोध संस्थान इमिलिया कोडर में की गई।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की शुरुआत करते हुए मुख्य अतिथि अधीक्षक डाकघर गोंडा फणीश्वर नाथ पासवान ने बताया कि इस बैंक का खाताधारक 24 घंटे कहीं भी ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से एक लाख रुपये तक का लेनदेन कर सकता है। खाता खोलने के लिए केवल आधार कार्ड की जरूरत होती है। अन्य कोई कागजात नहीं देने पड़ते। इस खाते को ग्राहक डाकघर के अलावा अपने अन्य किसी बैंक खाते को संबद्ध कर लेन-देन कर सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के सचिव राम कृपाल शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथि सहायक डाक अधीक्षक सूमेदार सिंह तथा उप डाक अधीक्षक बलरामपुर एके पांडेय ने भी लोगों को आईपीपीबी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आईपीपीबी के मैनेजर पंकज त्रिपाठी ने कई लोगों का खाता खोला। कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश भारतीय ग्रामीण डाक संघ के अध्यक्ष रामानंद तिवारी ने करते हुए लोगों को इससे होने वाले लाभ की जानकारी दी। इस अवसर पर संजय गुप्ता, जगतपाल, रवि पांडेय, राजबाबू, अमरनाथ व राम नरेश यादव समेत तमाम डाक विभाग के कर्मचारी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।