बलरामपुर के महदेइया पीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। जिले के 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। आरोग्य मेले में 1693 मरीजों का उपचार किया गया। बदलते मौसम में सर्दी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। 685 मरीज मौसमी बीमारियों से प्रभावित दिखे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर व डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी ने मरीजों का उपचार किया। दोपहर 12:40 बजे तक यहां पर 41 मरीजों का उपचार हो चुका था। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कहा कि इस समय मौसम में बदलाव हो रहा है। दिन में धूप व सुबह-शाम ठंड के कारण मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। बच्चों व बुजुर्गों को सर्दी-जुकाम व बुखार परेशान कर रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेइया में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने निरीक्षण किया। मेले में सीएमओ ने उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों का ब्योरा लिया। चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर, टीबी, कुष्ठ व नेत्र की जांच की जाए। गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच व टीकाकरण की स्थिति अवश्य देखें। निर्धारित तिथि पर टीका जरूर लगाएं, ताकि प्रसव के दौरान परेशानी न हो। सीएमओ ने बताया कि 1693 मरीजों को उपचार हुआ है, इनमें 789 पुरुष, 756 महिलाएं और 148 बच्चे शामिल हैं।