बलरामपुर। चीनी मिल बलरामपुर में शनिवार को बैलगाड़ी की पूजा कर नए पेराई सत्र 2020-21 का शुभारंभ किया गया। बैलगाड़ी से गन्ना लेकर आए सदर ब्लॉक के सिरसिया गांव के किसान हनुमंत पांडेय के बैलों व बैलगाड़ी की पूजा करके उपहार भेंट किया गया।
ट्रॉली व ट्रक से सबसे पहले कलेना-ए केंद्र पर गन्ना लेकर आए चालक को भी उपहार दिया गया। मिल के अधिशाषी अध्यक्ष प्रवीन गुप्ता ने पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित तिलकधारी पांडेय ने पूजा कराई। गन्ना डालने वाले क्रेन अनलोडर ऑपरेटरों को भी तिलक लगाकर व उपहार देकर सम्मानित किया गया।
सदर विधायक पल्टूराम, विधायक मेहनोन विनय कुमार द्विवेदी, डीएम कृष्णा करुणेश, एसपी देवरंजन वर्मा, जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा व सचिव गन्ना सोसाइटी अविनाश सिंह, चेयरमैन गन्ना सोसाइटी रन्नू सिंह, उपाध्यक्ष गन्ना सोसाइटी चंद्रभान पांडेय, अध्यक्ष गन्ना परिषद राहुल मणि त्रिपाठी व संचाल सदस्यों की मौजूदगी में हवन-पूजन किया गया।
बलरामपुर चीनी मिल से जुड़े 90 हजार किसानों से गन्ने की खरीदारी शुरू कर दी गई है। चीनी मिल की तरफ से किसानों से गन्ने की खरीदारी करने के लिए 84 तौल क्रय केंद्रों का संचालन शुरू करा दिया गया है। प्रवीन गुप्ता ने बताया कि चीनी मिल की तरफ से गन्ना खरीद इंडेंट पहले ही निर्गत किया जा चुका है। किसानों से जड़-अगोलारहित ताजा व साफ गन्ना चीनी मिल को आपूर्ति करने के लिए कहा गया है जिससे चीनी परता बनी रही और समय से किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान किया जा सके।
पिछले पेराई सत्र का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान मिल प्रबंधन की तरफ से कर दिया गया है। चालू पेराई सत्र में भी मिल प्रबंधन की तरफ से गन्ना मूल्य भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी। किसानों से अपील का गई है कि गन्ना काटकर न रखे। गन्ना आपूर्ति के लिए मैसेज मिलने के बाद ही ताजा गन्ना काटकर मिल का सप्लाई करें। कार्यक्रम में निदेशक डॉ. एके सक्सेना, प्रधान प्रबंधक विधि व कार्मिक राजीव अग्रवाल, प्रधान प्रबंधक गन्ना श्याम सिंह, यांत्रिकी विनोद मलिक, एसडी पांडेय, बीएन ठाकुर, डीएस चौहान, उदयवीर सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, एके गोयल, भूपेंद्र सिंह, हरदयाल सिंह व एसपी सिंह आदि मौजूद रहे।