बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के 60 माध्यमिक स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। परीक्षा केंद्र बनाने के संबंध में प्रधानाचार्य 14 दिसंबर तक अपनी आपत्ति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा-2023 के लिए जनपद में कुल 34,017 परीक्षार्थी नामांकित हैं। इसमें हाईस्कूल के 20475 व इंटरमीडिएट के 13542 छात्र-छात्राएं हैं। इनकी परीक्षा कराने के लिए जिले के 154 माध्यमिक कॉलेजों ने बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया था। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा केंद्र बनाने के लिए अंकों के आधार पर 60 स्कूलों का चयन किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सूची में 260 अंकों के साथ एमपीपी इंटर कॉलेज जिले में पहले स्थान पर है। केंद्र बनाने के संबंध में प्रधानाचार्य, प्रबंधक व अभिभावकों से 14 दिसंबर तक दो प्रतियों में आपत्ति मांगी गई है। आपत्ति का निस्तारण होने के बाद बोर्ड परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी की जाएगी।