बलरामपुर के नगर पालिका गेट पर धरना देते सफाईकर्मी।
बलरामपुर। 11 सूत्री मांगों को लेकर दूसरे दिन भी सफाईकर्मियों ने शुक्रवार को दोपहर बाद काम ठप करके नगर पालिका गेट पर धरना दिया। सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 अगस्त तक मांगें नहीं मानी गईं तो पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ बलरामपुर इकाई के अध्यक्ष पप्पू लाल ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन हमारी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कर्मचारियों का बकाया वेतन, जनवरी 2023 से बकाया महंगाई भत्ता, ठेका कर्मचारियों का ईपीएफ नंबर व बरसात और ठंड में मिलने वाली वर्दी का वितरण सहित 11 मांगों को लेकर हम लोगों ने ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन सौंपने के बाद न तो किसी अधिकारी ने हम लोगों से वार्ता की और न हमारी मांगों पर कोई विचार ही किया गया।
राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त को देखते हुए सभी सफाईकर्मी दोपहर तक ही सफाई कार्य करेंगे। दोपहर के बाद नगर पालिका गेट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 16 अगस्त को नगर में रैली निकाली जाएगी और पूरे शहर में सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। इस अवसर पर रामधनी, सीमा, राजपाल, आनंद, अरविंद, निखिल, सागर, तारा, पिंकी, सुमन व दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।