बलरामपुर। जिले में त्योहारों को देखते हुए थानों की तैनाती में बदलाव किया गया है। तुलसीपुर में चैत्र नवरात्र मेले के शुभारंभ से ठीक पहले वहां के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह को हटा दिया गया है। उन्हें मीडिया सेल का प्रभारी बनाया गया है। मीडिया सेल के प्रभारी रहे सुधीर कुमार सिंह को तुलसीपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने अन्य थानों में भी फेरबदल किया है। इस फेरबदल में तुलसीपुर में तैनाती अहम मानी जा रही है। लंबे समय से तुलसीपुर के प्रभारी निरीक्षक के तबादले की संभावना जताई जा रही थी। नगर के प्रभारी निरीक्षक और एसओजी प्रभारी रह चुके सुधीर सिंह को मेले की सुरक्षा को देखते हुए कमान सौंपी गई है। चैत्र नवरात्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे की भी उम्मीद है। यूपी-112 के प्रभारी संतोष कुमार मिश्र को ललिया थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया है। वहीं जरवा के प्रभारी निरीक्षक राकेश पाल को यूपी -112 के प्रभारी की जिम्मेदारी दी है।
पुलिस अधीक्षक के पीआरओ योगेश प्रताप सिंह को जरवा कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। ललिया के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह को अपराध प्रकोष्ठ में तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।