हरैया सतघरवा/गौरा चौराहा (बलरामपुर)। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर बृहस्पतिवार को हरैया सतघरवा एवं गौरा चौराहा क्षेत्र के गांवों में गाजे-बाजे के साथ पूजित अक्षत कलश यात्रा निकाली गई। इसके साथ ही मंदिरों में साफ-सफाई कर स्वच्छता की अलख भी जगाई गई।
हरैया सतघरवा के महमूदनगर बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर से पूजित अक्षत कलश यात्रा मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह एवं योगी शिवेंद्र नाथ की अगुवाई में निकाली गई। राम आएंगे तो अंगना सजाएंगे गीत पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर भाजपा नेता विनय कुमार मिश्र, बजरंगी द्विवेदी, राघव मोदनवाल व कमलेश कुमार मिश्र सहित तमाम लोग मौजूद रहे। गौरा चौराहा के विजयनगर शिव मंदिर में रामभक्तों ने झाड़ू लगाकर अक्षत कलश यात्रा निकाली। श्यामू चौधरी की अगुवाई में निकली पूजित अक्षत कलश यात्रा में सैकड़ों महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।