बलरामपुर। मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित संयुक्त जिला चिकित्सालय में अब मरीजों को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) की भी सुविधा मिलेगी। इसके लिए इमरजेंसी वार्ड के बगल छह बेड के आईसीयू की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है। एक अप्रैल से नई सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अधीन संचालित संयुक्त जिला चिकित्सालय में इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं तेजी से बढ़ाई जा रही हैं। अब तक अस्पताल में आईसीयू की सुविधा न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। आपात स्थिति में मरीजों को बड़े शहर रेफर कर दिया जाता है। अब गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) की व्यवस्था की जाएगी। इमरजेंसी वार्ड के बगल स्थित वार्ड में पाइपलाइन बिछाने, ऑक्सीजन सिलिंडर आदि के लिए जगह का चिह्नांकन किया जा रहा है।
अस्पताल की गुणवत्ता प्रबंधक डॉ. रुचि पांडेय ने बताया कि गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) सेवा गंभीर रूप से बीमार व घायल मरीजों के लिए 24 घंटे विशेष चिकित्सा देखभाल करने की व्यवस्था है। इस यूनिट में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों, अनुभवी नर्सों और उन्नत जीवन रक्षक उपकरणों (वेंटिलेटर, डायलिसिस, ईसीजी) के माध्यम से मरीजों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान की जाती है। यह वार्ड यह एक नियंत्रित, संक्रमण-मुक्त वातावरण वाला होता है। इस वार्ड में हार्ट अटैक, अंग विफलता व जटिल सर्जरी वाले मरीजों का तत्काल निदान और उपचार किया जाता है।
अप्रैल से शुरू होगी सुविधा
आपात स्थिति में आईसीयू मरीजों के लिए बहुत जरूरी है। वेंटिलेटर, डायलिसिस आदि की सुविधा मिलने से मरीजों की जान बचाई जा सकती है। अस्पताल में आईसीयू सेवा बढ़ाने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। कोशिश है कि अप्रैल से यह सुविधा शुरू हो जाए।
- प्रो. राजेश कुमार चतुर्वेदी, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज बलरामपुर