बहराइच। मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी मंगलवार को जरवल कस्बे आए थे। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के दौरा उन्होंने कहा कि वह अपने पुराने बयान पर कायम हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि सांसद डिंपल यादव ने मस्जिद की तौहीन की है। उनको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वह इस्लाम की सबसे पवित्र जगह मस्जिद में जा रही हैं। उन्होंने अपने पहनावे व तौर तरीकों का खास ख्याल रखना चाहिए था। वह पूरी मुस्लिम कौम से माफी मांगें। अगर माफी नहीं मांगेंगी तो 2027 का चुनाव उनके लिए घातक साबित होगा।
वहीं कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के गाजा के पक्ष में लिखे गए लेख पर कहा कि सोनिया गांधी ने इससे पहले ईरान को लेकर भी आर्टिकल लिखा था, लेकिन उनको बांग्लादेशी हिंदुओं की पीड़ा दिखाई नहीं पड़ती है। शहाबुद्दीन ने कहा कि हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में सोनिया गांधी बांग्लादेशी हिंदुओं पर भी आर्टिकल लिखेंगी।
पाकिस्तान के साथ मैच को लेकर असदुद्दीन ओवैसी द्वारा उठाए गए सवाल का समर्थन करते हुए शहाबुद्दीन ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों के कदम भारत की सरजमीं पर नहीं पड़ने चाहिए। पहलगाम पर हमले के बाद पाकिस्तान ने पीएम मोदी की खिलाफत की थी। उन्होंने कहा कि दुनिया जानती है कि ऑपरेशन सिंदूर एक कामयाब ऑपरेशन था। पाकिस्तान की नापाक हरकतों का जवाब जो भारत ने दिया है, वह काबिले तारीफ है।