बलरामपुर के उतरौला तहसील परिसर में बना जर्जर भवन।-संवाद
उतरौला (बलरामपुर)। जर्जर भवन में रह रहे तहसील कर्मियों के लिए 88.85 लाख रुपये से नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
दरअसल उतरौला तहसील परिसर में बना भवन काफी जर्जर हो गया है। छत व दीवार पर नमी बनी रहने से यहां रहने वाले कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आवास में रहने वाले कर्मियों का सामान भी खराब हो जाता है। कर्मियों की परेशानी को देखते हुए परिसर में नए भवन का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन से प्रस्ताव पास कर बजट जारी कर दिया है। अधिशासी अभियंता निर्माणखंड लोक निर्माण विभाग राजेश कुमार ने बताया कि चार भवनों के निर्माण पर 88.85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। भवन निर्माण के लिए निविदा का प्रकाशन कराया जा चुका है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद भवन का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। भवनों के निर्माण में 12 माह का समय लगेगा।