बलरामपुर के रियाज मॉडर्न जूनियर हाईस्कूल छिपिया रेडवलिया के बाउंड्रीवाल पर गिरा हाईटेंशन तार।
- फोटो : BALRAMPUR
पेहर बाजार (बलरामपुर)। स्कूल की बाउंड्री पर शनिवार की भोर अचानक हाईटेंशन तार गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। स्कूल के बच्चे बाल-बाल बच गए। प्रधानाध्यापक ने एसडीओ सूचना भेजी तब जाकर बिजली काटी गई।
पेहर बाजार स्थित रियाज मॉडर्न जूनियर हाईस्कूल छिपिया रेडवलिया के प्रधानाध्यापक राघवेंद्र मौर्या ने बताया कि शनिवार की सुबह उनके स्कूल के बाउंड्री पर अचानक हाईटेंशन का तार टूटकर गिर पड़ा। 11 हजार लाइन होने के चलते चिंगारी निकलने लगी। बच्चे व स्कूल के स्टॉफ तारों की चिनगारी से डर गए। तत्काल एसडीओ उतरौला को फोन किया गया।
एसडीओ उतरौला ने तत्काल बिजली कटवाई और हादसा होने से टल गए। स्कूल के शिक्षकों एवं अभिभावकों ने आरोप गलाया कि मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद भी स्कूलों से अभी तक हाईटेंशन तार नहीं हटाए गए है जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
इस संबंध में एसडीओ पावर कार्पोरेशन उतरौला प्रशांत शेखर श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटवाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से बजट मिलने के बाद तत्काल स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटवाए जाएंगे।