फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: अतीक व अशरफ की हत्या के बाद हाई अलर्ट

Mon, 17 Apr 2023 12:03 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद जिले में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस ने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस पूरी तरह सतर्क है। भारत-नेपाल सीमा पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन



शनिवार की रात अतीक व अशरफ की हत्या की खबर फैलते ही पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। एसपी केशव कुमार ने सभी थाना व कोतवाली प्रभारियों को सुरक्षा एवं शांति के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल ने रात में ही वीर विनय चौराहे से लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च में एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर दरवेश कुमार, क्षेत्राधिकारी बृजनंदन व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर विमलेश कुमार आदि शामिल रहे।


पेहर बाजार में भी प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार ओमप्रकाश चौहान के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान पेहर बाजार चौकी प्रभारी शमशाद अली, अजीत सिंह, विनोद वर्मा व अजीत यादव आदि ने लोगों से आपसी सौहार्द कायम रखने की अपील की।
विज्ञापन



वहीं, किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों व जवानों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अभ्यास किया। एसपी ने कहा कि पुलिस कर्मी किसी भी प्रकार की आपात स्थिति का सामना करने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार रहें। उपकरणों एवं हथियारों के प्रयोग के समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई। एसपी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सभी थानों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।





अतीक ने 2014 में श्रावस्ती संसदीय सीट से लड़ा था चुनाव
बलरामपुर। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में श्रावस्ती संसदीय सीट से अतीक अहमद ने सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। 17 अप्रैल 2014 को नामांकन के दौरान उन पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन करने का आरोप भी लगा था। वह घोड़े पर बैठकर कई लक्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। चुनाव लड़ने आए अतीक की दबंगई उस समय देखने को मिली, जब बीएसए कार्यालय में बाउंड्रीवाॅल के निर्माण कार्य को उन्होंने जबरन रोकवा दिया था। उस समय कुछ स्थानीय लोगों ने उनसे शिकायत की थी कि उनकी जमीन पर सरकारी विभाग बाउंड्रीवाॅल का निर्माण करा रहा है। इस पर अतीक ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर स्वयं निर्माणाधीन बाउंड्रीवाॅल गिरवा दी थी। हालांकि अतीक श्रावस्ती लोकसभा सीट पर जीत हासिल नहीं कर सके। यहां पर भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र ने तीन लाख 45 हजार 964 मत प्राप्त करके दो लाख 60 हजार 51 मत पाने वाले अतीक अहमद को चुनाव हराकर जीत हासिल की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें