बलरामपुर। नगर पंचायत तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू हत्याकांड की सुनवाई 17 दिसंबर को होगी। एमपी-एमएलए कोर्ट में बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई हो रही है। प्रकरण में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद सहित पांच अभियुक्तों के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में मुकदमा चल रहा है।
तुलसीपुर नगर पंचायत के जरवा मार्ग पर चार जनवरी 2022 की रात करीब 10:20 बजे पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामले में पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर गंभीर आरोप लगाकर रासुका के तहत कार्रवाई की थी। इस प्रकरण में पुलिस का आरोप था कि समाजवादी पार्टी से टिकट दावेदारी को लेकर पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की हत्या की गई थी। वहीं पूर्व सांसद रिजवान जहीर मौजूदा समय में ललितपुर जेल में बंद हैं। इस मुकदमें में पूर्व सांसद की बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज अहमद फिलहाल जमानत पर हैं।