बलरामपुर। जिले के तीन स्थानों पर हज यात्रियों के सेहत की जांच कराई जाएगी। जिले के तीनों तहसीलों में 15 जुलाई से जांच शिविर लगाए जाएंगे। हज पर जाने वाले यात्रियों से जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने अपने नजदीक के शिविर में पहुंचकर सेहत की जांच के साथ टीकाकरण कराने की अपील की है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बीते दिन बताया कि वर्ष 2019 में हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों का टीकाकरण कराया जाएगा। हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए सरकार की तरफ से वैक्सीन टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
अल्पसंख्यक बोर्ड के निर्देश पर टीकाकरण एवं सेहत की जांच की तिथियां निर्धारित की गई है। उतरौला तहसील में 15 जुलाई को केजी इंटर कॉलेज राजमहल राजा बाजार में फार्मासिस्ट गुरफान अहमद, एएनएम ऊषा सिंह, तुलसीपुर तहसील में 16 जुलाई को मदरसा जामिया अरबिया मदारुल उलूम विशुनपुर टनटनवा में फार्मासिस्ट कमल नाथ त्रिपाठी, चंद्रभान सिंह व स्टॉफ नर्स उर्मिला यादव तथा सदर तहसील में 17 जुलाई को मदरसा जामिया अनवारुल कुरान में फार्मासिस्ट अखलाक अहमद व एएनएम रामलली हज यात्रियों के सेहत की जांच करके टीकाकरण करेंगी।