बलरामपुर के पीएचसी मणिपुर सहजना में पसरा सन्नाटा।-संवाद
हरैया सतघरवा। छुट्टी के दिन रविवार को मरीजों का उपचार करने के लिए भले ही मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है, लेकिन चिकित्सक व कर्मचारियों की मनमानी से समुचित इलाज की सुविधा नहीं मिल पाती है। आलम यह है चिकित्सकों के न आने पर वार्डबॉय के सहारे मेले का आयोजन कर कोरम पूरा किया जा रहा है।
हरैया सतघरवा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मणिपुर सहिजना में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में दोपहर 12 बजे तक सन्नाटा पसरा रहा। चिकित्सक व फार्मासिस्ट न होने के कारण वार्डबॉय ही कुर्सी पर बैठे नजर आए। चिकित्सक न होने के कारण मेले में एक भी मरीज नहीं पहुंचा। वार्डबॉय विनोद कुमार दूबे व आनंद कुमार शुक्ल ने बताया कि डॉक्टर साहब आ रहे हैं।
पीएचसी में फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन व स्वीपर कम चौकीदार की तैनाती नहीं है। लैब टेक्नीशियन न होने के कारण ब्लड व शुगर की जांच भी नहीं होती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा के अधीक्षक डॉ. रजत शुक्ल ने बताया कि पीएचसी में तैनात डॉ. पवन कुमार गुप्त इस समय एमडी करने के लिए अवकाश पर हैं। आरोग्य मेले में उनके स्थान पर सीएचसी शिवपुरा के डॉ. आशीष कुमार को भेजा गया है। उनके पहुंचने में देर हो गई है। फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन व स्वीपर की तैनाती के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है।