बलरामपुर। मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने मंगलवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय का निरीक्षण किया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड व सेफ हाउस का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
जिले में मुख्यमंत्री के भ्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सेफ हाउस में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक दवाओं, जीवनरक्षक उपकरणों व आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सा आवश्यकता उत्पन्न होने पर तत्काल और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखने के निर्देश दिए गए। कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता व आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।