बलरामपुर। शहर की सरकार चुनने के लिए चार मई को मतदान होना है। ऐसे में अमर उजाला ने जागो वोटर मुहिम के तहत संयुक्त जिला अस्पताल परिसर में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों ने खुलकर अपनी बात रखी। सभी का एकमत था कि ऐसे जनप्रतिनिधि को चुना जाना चाहिए, जिसके पास शहर के विकास को लेकर विजन हो। जन सुविधाओं का ध्यान रखे।
संवाद कार्यक्रम में शहर के विकास के साथ ही समस्याओं का मुद्दा भी गूंजा। अतिक्रमण से लेकर ड्रेनेज सिस्टम पर भी चर्चा हुई। स्वच्छता हो या जल निकासी, हर विषय पर बात की गई। चिकित्सकों ने शहर के विकास को लेकर सुझाव भी रखे। पार्किंग से लेकर पार्कों तक पर राय रखी। बिजली व्यवस्था में कैसे सुधार करें, बलरामपुर को लखनऊ की तर्ज पर कैसे विकसित करें, इसके लिए प्लान पर चर्चा की।
सीएमएस डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव कहते हैं कि शहर के विकास को लेकर विजन साफ होना चाहिए। जैसे हम शहर को क्या नया देंगे, किस तरह से विकास करेंगे। बिजली, पानी व सड़क आम आदमी से जुड़ी चीजें हैं, इनके विकास पर जोर होना चाहिए। स्वच्छता को लेकर प्रयास किए जाएं। साक्षी का तर्क है कि गोशाला का निर्माण कराया जाए ताकि गोवंश को उसमें संरक्षित किया जा सके। कल्पना कहती हैं कि पार्कों का सुंदरीकरण आवश्यक है, जहां कम से कम शहरवासी सुकून की सांस ले सकें।
मतदान का लिया संकल्प
संवाद कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया। साथ ही कहा कि मतदान से ही लोकतंत्र सशक्त होगा। इसलिए हर किसी को मतदान में भाग लेना चाहिए। इस मौके पर डॉ. सुनील, सुरेंद्र कुमार दूबे, सत्य प्रकाश, लालजी, श्रीकृष्ण, आरके गुप्ता आदि मौजूद रहे।
जगह-जगह लगाए जाएं साइन बोर्ड
आज हम विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में नए तरीके से विकास के बारे में सोचने की आवश्यकता है। जगह-जगह साइन बोर्ड लगाए जाएं, शहर में कौन सा स्थल कहां है, कैसे पहुंचा जा सकता है। इसके बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए।
- डाॅ. मयंक
नगर में बेहतर हो पार्किंग की व्यवस्था
शहर में जाम की समस्या सबसे बड़ी है। ऐसे में पीक ऑवर में शहर में बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जानी चाहिए। नगर में पार्किंग की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
- डॉ. सौरभ
कूड़ा निस्तारण का हो प्रबंध
शहर में कूड़ा निस्तारण के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। आबादी वाले इलाकों में कूड़ा डंप न होने पाए, इसके लिए रणनीति बनाई जाण्। साथ ही मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव किया जाए, जिससे लोगों को बीमारियों से बचाया जा सके।
- डॉ. प्रभात त्रिपाठी
जलनिकासी का हो समुचित प्रबंध
नगर में जलनिकासी के लिए समुचित प्रबंध किए जाएं। ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए। अगर गंदे पानी का ठहराव नहीं होगा तो लोग बीमार नहीं होंगे। साथ ही पार्कों का विकास किया जाए। ऐतिहासिक स्थलों को संजोने के लिए भी प्रयास किया जाना चाहिए।
- डॉ. नैंसी त्रिपाठी